भारतीय नव वर्ष के अवसर पर बिहार के भागलपुर में कलाकारों ने एक अद्भुत और अप्रतिम कारनामा कर के दिखाया है। कलाकारों के इस प्रयास की हर जगह जमकर तारीफ़ भी हो रही है। दरअसल बिहार के भागलपुर जिले में स्थित लाजपत पार्क मैदान में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय चित्रकारों ने जमीन पर भगवान श्रीराम का विश्व का सबसे बड़ा चित्र बनाया है।
8 हजार वर्ग फीट में बनी प्रभु श्री राम की आकृति
भागलपुर के लाजपत पार्क मैदान में गुरुवार को 5 लाख दीपक से कुल 8 हजार स्क्वायर फीट में बने भगवान श्रीराम के चित्रांकन को चारों ओर से भव्य सजाया गया था। 12 तरह के रंगों वाले 5 लाख दीपक से जमीन पर 150 फीट लंबी प्रभु श्री राम की तस्वीर बनाई गई थी। प्रभु श्री राम का यह दृश्य काफी मनमोहक और आकर्षक था। आलम ये था कि भागलपुर के ऐतिहासिक लाजपत पार्क मैदान में हजारों की संख्या में लोग भगवान श्रीराम की बनी तस्वीर का दर्शन करने आ रहे हैं।
इस आकृति को 25 से 30 कलाकारों ने बनाया
कार्यक्रम की तैयारी में स्थानीय कलाकार अनिल कुमार के निर्देशन में 25 से 30 कलाकार, शिल्पकार, स्वयंसेवक और कार्यकर्ता पिछले सात दिनों से लगे हुए थे। बरारी मधु चौक के कलाकार अनिल कुमार के नेतृत्व में 12 कलाकारों ने 4 से 5 दिन में भगवान श्रीराम का आकर्षक स्वरूप तैयार किया है। उन्होंने बताया कि इसमें 15 रंगों की मदद से 5.08 लाख दीया से भगवान श्रीराम का स्वरूप तैयार किया।
प्रभु श्री राम की इस आकृति को बनाने में कलाकार शानू, बृजेंद्र, शिवम, मृत्युंजय, दिलीप, सोनी कुमारी, पूनम, रितिक, छोटी, अमन व जय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। भारतीय नववर्ष आयोजन समिति की ओर से लाजपत पार्क भागलपुर में आयोजित विश्व रिकार्ड अटेम्पट कार्यक्रम में विराट श्रीराम के स्वरूप की आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्रीराम भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मिला वर्ल्ड रिकॉर्ड का दर्जा
कुल 8 हजार वर्ग फीट में बनाए गए इस चित्र को 'वर्ल्ड रिकॉर्ड' का दर्जा भी मिल गया है। इसके लिए चेन्नई से वर्ल्ड रिकॉर्ड यूनियन की टीम बिहार के भागलपुर आई थी, जिसने इस आकृति को विश्व रिकॉर्ड का अवॉर्ड दिया है। भगवान श्रीराम के वंदन और आरती कार्यक्रम को ड्रोन के माध्यम से दिखाया जाता है। कार्यक्रम में भारत सरकार के मंत्री अश्विनी चौबे और बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद समेत कई लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए और इस नजारा का आनंद लिया।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कार्यक्रम का किया उद्घाटन
भारतीय नव वर्ष आयोजन समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि भारतीय नव वर्ष आयोजन समिति ने आज भागलपुर का नाम विश्व के पटल पर ला दिया है। 5 लाख 8 हजार दीये से यहां के कलाकारों ने श्री राम की भव्य आकृति को जीवंत कर दिया। आज का दिन ऐतिहासिक है। ऐसा लग रहा है कि राम आज हमारे घर पधारे हैं।