सारागढ़ी युद्ध 1897 ; जब 21 सिख जवानों ने 10,000 अफगानियों को घुटने टेंकने पर कर दिया था मजबूर
   12-सितंबर-2022
 
Battle of Saragarhi 1897
 
 
भारत वीरों कि भूमि है और इस बात को देश के सभी रणबाकुरों ने अब तक के हुए सभी युद्धों में साबित भी किया है। सारागढ़ी के युद्ध को सैन्य इतिहास में अब तक के सबसे बड़े अन्त वाले युद्धों में से एक माना जाता रहा है। सारागढ़ी युद्ध 12 सितम्बर 1897 को हुआ था। उस वक्त भारत पर ब्रिटिशों का राज था। इस युद्ध में 36वीं सिख बटालियन के महज 21 सिख जवानों ने 10,000 अफगानियों का सामना किया था। युद्ध में अकेले 21 सिख जवानों ने 600 अफगानियों को मौत के घाट उतार कर अपने प्राणों की आहुति दी थी। इस आर्टिकल के माध्यम से हम आपको 1897 के उस गौरवशाली इतिहास के बारे में बताएँगे। जब देश के 21 रणबांकुरों ने अपने शौर्य और पराक्रम का परिचय देते हुए सारागढ़ी युद्ध में 10 हजार अफगानियों को घुटने टेंकने पर मजबूर कर दिया था।
 
 
 
कहां हैं सारागढ़ी ?
 
 
सारागढ़ी नामक स्थान देश की आजादी से पहले भारत का हिस्सा हुआ करता था। किंतु बंटवारे के बाद ये स्थान स्थान पाकिस्तान के हिस्से में चला गया। सारागढ़ी किले को ब्रिटिश सेना के 36वीं सिक्ख रेजिमेंट के कर्नल जे. कुक की कमान में 21 अप्रैल, 1894 को बनाया गया था। अगस्त 1897 में लेफ्टिनेंट कर्नल जॉन हैटन की कमान में 36वीं सिक्ख रेजिमेंट की 5 कंपनियों को ब्रिटिश-इंडिया (वर्तमान में खैबर पख्तूनख्वा) के उत्तर-पश्चिमी सीमा पर भेजा गया था और समाना हिल्स, कुराग, संगर, सहटॉप धर और सारागढ़ी में उनकी तैनाती की गई। अंग्रेज़ इस अस्थिर और अशांत क्षेत्र पर नियंत्रण पाने में आंशिक रूप से तो सफल रहे, लेकिन वहाँ के मूल निवासी पश्तूनों ने समय-समय पर ब्रिटिश सैनिकों पर हमला करना जारी रखा। लिहाजा यही कारण था कि ब्रिटिश शासन ने किलों की एक श्रृंखला को मरम्मत करके अपनी स्थिति को मजबूत करना चाहा। बता दें कि वही किले थे जिन्हें मूलतः सिक्ख शासक महाराजा रणजीत सिंह द्वारा बनाया गया था।
 
 
कैसे हुई युद्ध की शुरुआत
 
 
12 सितंबर, 1897 को सुबह 8 बजे सारागढ़ी किले के संतरी ने दौड़कर अंदर ख़बर दी कि हज़ारों पठानों का एक लश्कर झंडों और भालों के साथ उत्तर की तरफ़ से सारागढ़ी क़िले की तरफ़ बढ़ रहा है। उनकी तादाद अमूमन 8,000 से 14,000 के बीच थी। संतरी को फ़ौरन अंदर बुला लिया गया और सैनिकों के नेता हवलदार ईशेर सिंह ने सिग्नल मैन गुरमुख सिंह को आदेश दिया कि पास के फ़ोर्ट लॉकहार्ट में तैनात अंग्रेज़ अफ़सरों को तुरंत हालात के बारे में जानकारी दी जाए और उनसे पूछा जाए कि उनके लिए क्या आदेश है ? कर्नल हॉटन ने सैनिकों को अपने पोज़ीशन पर डटें रहना का निर्देश दिया।"
 
 
लेकिन महज एक घंटे के भीतर ही पूरे क़िले को अफगानों द्वारा तीन तरफ़ से घेर लिया गया और ओरकज़ईयों का एक सैनिक हाथ में सफ़ेद झंडा लिए क़िले की तरफ़ बढ़ा। उसने चिल्ला कर कहा- "हमारा तुमसे कोई झगड़ा नहीं है। हमारी लड़ाई अंग्रज़ों से है। तुम तादाद में बहुत कम हो, मारे जाओगे। हमारे सामने हथियार डाल दो। हम तुम्हारा ख्याल रखेंगे और तुमको यहाँ से सुरक्षित निकल जाने का रास्ता देंगे।"
 
 
ब्रिटिश फ़ौज के मेजर जनरल जेम्स लंट ने इस लड़ाई का वर्णन करते हुए अपनी किताब में लिखा- "ईशेर सिंह ने इस पेशकश का जवाब ओरकज़ईयों की ही भाषा पश्तो में दिया। उनकी भाषा न सिर्फ़ सख़्त थी बल्कि गालियों से भी भरी हुई थी। उन्होंने अफगानियों को ललकारते हुए कहा कि- ये अंग्रेज़ों की नहीं महाराजा रणजीत सिंह की ज़मीन है और हम इसकी रक्षा अपनी आख़िरी सांस तक करेंगे। इसके बाद 'जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल' के जयकारे से सारागढ़ी का क़िला गूंज उठा।"
 
 
क्यों लड़ा गया सारागढ़ी युद्ध
 
  
सारागढ़ी का क़िला पाकिस्तान के उत्तर पश्चिम सीमांत क्षेत्र के कोहाट ज़िले में करीब 6000 फ़ीट की ऊँचाई पर स्थित है। ये वो इलाका है जहाँ रहने वाले लोगों पर आज तक किसी भी सरकार का नियंत्रण नहीं हो पाया है। 1880 के दशक में अंग्रेज़ों ने यहाँ पर तीन चौकियाँ बनाईं, जिसका स्थानीय औरकज़ई लोगों ने ज़बरदस्त विरोध किया, जिसकी वजह से अंग्रेज़ों को वह चौकियाँ खाली करनी पड़ी। 1891 में अंग्रेज़ों ने वहाँ दोबारा अभियान चलाया।
 
 
जहां रबिया खेल से उनका समझौता हुआ और उन्हें गुलिस्ताँ, लॉक्हार्ट और सारागढ़ी में 3 छोटे क़िले बनाने की अनुमति प्रदान की गई। लेकिन स्थानीय औरकज़ई लोगों ने इसे कभी पसंद नहीं किया। वह इन ठिकानों पर लगातार हमले करते रहे ताकि अंग्रेज़ वहाँ से भाग खड़े हों। 3 सितंबर, 1897 को पठानों के बड़े लश्कर ने इन तीनों क़िलों को घेरने की कोशिश की, लेकिन कर्नल हॉटन ने किसी तरह हालात को संभाल लिया, लेकिन 12 सितंबर को औरकज़ईयों ने गुलिस्ताँ, लॉकहार्ट और सारागढ़ी तीनों क़िलों को घेर लिया और लॉक्हार्ट और गुलिस्ताँ को सारागढ़ी से अलग-थलग कर दिया।
 
 
फ़ायरिंग रेंज में आते ही अफगानियों को चुन-चुन कर बनाया निशाना
 
 
औरकज़इयों का पहला फ़ायर ठीक 9 बजे आया। सारागढ़ी लड़ाई पर बहुचर्चित किताब 'द आइकॉनिक बैटिल ऑफ़ सारागढ़ी' लिखने वाले ब्रिगेडियर कंवलजीत सिंह के अनुसार- "हवलदार ईशेर सिंह ने अपने सभी जवानों को यह आदेश दिया कि गोली न चलाई जाए और पठानों को आगे आने दिया जाए। उन पर तभी फ़ायरिंग की जाए, जब वह 1000 गज़ यानि उनकी 'फ़ायरिंग रेंज' में आ जाएं।" सिक्ख जवानों के पास सिंगल शॉट 'मार्टिनी हेनरी-303' राइफ़लें थीं, जो 1 मिनट में 10 राउंड फ़ायर कर सकती थीं। हर सैनिक के पास 400 गोलियाँ थी, 100 उनकी जेबों में और 300 रिज़र्व में। उन्होंने पठानों को अपनी राइफ़िलों की रेंज में आने दिया और फिर उन्हें चुन-चुन कर निशाना बनाना शुरू कर दिया।"
 
 
पहले अफगानी हमले की असफलता
 
 
पहले एक घंटे में ही अफगान के 60 सैनिक मारे जा चुके थे और सिक्खों की तरफ़ से सिपाही भगवान सिंह की मौत हो चुकी थी तो वहीं नायक लाल सिंह बुरी तरह से घायल हो चुके थे। लिहाजा पठानों का पहला हमला नाकामयाब हो गया। वह बिना किसी मक़सद के इधर-उधर दौड़ने लगे, लेकिन उन्होंने सिक्खों पर गोली चलानी बंद नहीं की। सिक्ख भी उनका मुंहतोड़ जवाब दे रहे थे, लेकिन हज़ारों की फायरिंग में पठानों के सामने 21 राइफ़लों की क्या बिसात थी ? और आखिरकार कितने समय तक ?
 
 
तभी कुछ ऐसा हुआ जिससे युद्ध की तस्वीर पूरी तरह से बदल गई। दरअसल युद्ध के दौरान उत्तर की तरफ़ से चलने वाली तेज़ हवा से पठानों को बहुत मदद मिल गई। उन्होंने घास में आग लगाई और उनकी लपटें क़िले की दीवारों की तरफ़ बढ़ने लगीं। धुएं का सहारा लेते हुए पठान क़िले की दीवार के बिल्कुल पास चले आए। लेकिन सिक्खों की तरफ से की जा रही सटीक फ़ायरिंग की वजह से उन्हें पीछे हटना पड़ा। उस बीच सिक्ख ख़ेमे में भी घायलों की संख्या बढ़ती जा रही थी। सिपाही बूटा सिंह और सुंदर सिंह वीर गति को प्राप्त हो चुके थे।
 
 
कर्नल ने गोलियाँ बचाकर रखने का दिया आदेश
 
 
सिग्नल मैन गुरमुख सिंह लगातार कर्नल हॉटन को सांकेतिक भाषा में बता रहे थे कि पठान एक और हमला करने की तैयारी कर रहे हैं और हमारी गोलियाँ ख़त्म होने लगी हैं। तब कर्नल ने जवाब देते हुए सैनिकों को "अंधाधुंध गोलियाँ न चलाने का निर्देश दिया। कर्नल ने अपने आदेश में कहा कि जब आप बिल्कुल निश्चित हों कि गोली दुश्मन को लगेगी, तभी गोली चलाया जाए। हम कोशिश कर रहे हैं कि किसी तरह कुछ मदद आप तक पहुंचाई जाए।"
 
 
अमरिंदर सिंह अपनी किताब 'सारागढ़ी एंड द डिफ़ेंस ऑफ़ द सामना फ़ोर्ट' में लिखते हैं- "लॉकहार्ट क़िले से रॉयल आयरिश राइफ़ल्स के 13 जवानों ने आगे बढ़कर सारागढ़ी पर मौजूद जवानों की मदद करनी चाही। लेकिन उन्हें तुरंत अहसास हो गया कि उनकी संख्या इतनी कम है कि अगर वह उन पर 1000 गज़ की दूरी से भी फ़ायर करेंगे, तो भी पठानों पर इसका कोई असर नहीं होगा। अगर वह और क़रीब जाएंगे तो पठानों की लंबी नालों वाली 'जिज़ेल' और चुराई गई ली मेटफ़ोर्ड राइफ़लें उन्हें आसानी से अपना निशाना बना लेंगी। वह अपने क़िले वापस लौट गए।"
 
 
मदद की कोशिश भी हुई बेकार
 
 
लांस नायक चांद सिंह के साथ मुख्य ब्लॉक में तैनात 3 जवान साहिब सिंह, जीवन सिंह और दया सिंह मारे गए। जब चांद सिंह अकेले रह गए तो ईशेर सिंह और उनके बाकी के साथी अपनी सुरक्षित 'पोज़ीशन' को छोड़कर उनके पास मुख्य ब्लॉक में आ गए। ईशेर सिंह ने निर्देश दिया कि- "वह अपनी राइफ़लों में संगीन लगा लें।" जो भी पठान उस छेद से अंदर घुसा, उस पर राइफ़लों से या तो सटीक निशाना लगाया गया या उसे भाला भोंक दी गई। लेकिन बाहर किनारों पर कोई सिक्ख तैनात न होने की वजह से पठान बांस की बनी सीढ़ियों से ऊपर चढ़ आए।
 
 
उस इलाके में हज़ारों पठानों के बढ़ने के बावजूद लेफ़्टिनेंट मन और कर्नल हॉटन ने एक बार फिर 78 सैनिकों के साथ सारागढ़ी में घिर चुके अपने साथियों की मदद के लिए फ़ायरिंग करनी शुरू कर दी, ताकि पठानों का ध्यान भंग हो। जब वह क़िले से सिर्फ़ 500 मीटर दूर थे, उन्होंने देखा कि पठान क़िले की दीवार लांघ चुके हैं और क़िले के मुख्य दरवाज़े में आग लगी हुई है। हॉटन को अंदाज़ा हो गया कि अब सारागढ़ी घिर चुका है।
 
 
चारों तरफ़ बिखरी पड़ी थीं लाशें
 
 
इस बीच सिग्नल की व्यवस्था देख रहे गुरमुख सिंह ने अपना आख़िरी संदेश भेजा कि पठान मुख्य ब्लॉक तक पहुंच आए हैं। उन्होंने कर्नल हॉटन से सिग्नल रोकने और अपनी राइफ़ल संभालने की इजाज़त माँगी। कर्नल ने अपने आखिरी संदेश में उन्हें ऐसा करने की इजाज़त दे दी। गुरमुख सिंह ने अपने हेलियो को एक तरफ़ रखा, अपनी राइफ़ल उठाई और मुख्य ब्लॉक में लड़ाई लड़ रहे अपने बचे खुचे साथियों के पास पहुंच गए। तब तक ईशेर सिंह समेत सिक्ख टुकड़ी के अधिकतर जवान मारे जा चुके थे। पठानों की लाशें भी चारों तरफ़ बिखरी पड़ी थीं। उनके द्वारा बनाया गया छेद और जल चुका मुख्य द्वार पठानों की लाशों से पटा पड़ा था। बुरी तरह ज़ख्मी होने के कारण लाल सिंह चल नहीं पा रहे थे, लेकिन वह बेहोश नहीं हुए थे और एक स्थान पर गिरे हुए ही लगातार राइफ़ल चलाकर पठानों को धराशाई कर रहे थे।
 
 
करीब 7 घंटे तक चली लड़ाई
 
 
ब्रिटिश फ़ौज में तब तक एक अजीब सा क़ानून था कि फ़ौज के साथ काम कर रहे असैनिक बंदूक नहीं उठाएंगे। दाद का काम था घायल हुए लोगों की देखभाल करना, सिग्नल के संदेश को पहुँचाना, हथियारों के डिब्बे खोलना और उन्हें सैनिकों तक ले जाना। जब अंत करीब आने लगा तो दाद ने भी राइफ़ल उठा ली और मरने से पहले उन्होंने 5 अफगानियों को या तो गोली से उड़ाया या उनके पेट में संगीन भोंकी।
 
 
अमरिंदर सिंह लिखते हैं- "आख़िर में सिर्फ़ गुरमुख सिंह बचे। उन्होंने उस जगह जाकर 'पोज़ीशन' ली, जहाँ जवानों के सोने के लिए कमरे थे। गुरमुख ने अकेले गोली चलाते हुए कम से कम 20 पठानों को मारा। पठानों ने लड़ाई ख़त्म करने के लिए पूरे क़िले में आग लगा दी। 36 सिक्ख के आखिरी जवान ने हथियार डालने से बेहतर अपनी जान देना उचित समझा।" गैरबराबरी की ये लड़ाई करीब 7 घंटे तक चली, जिसमें सिक्खों की तरफ़ से 22 लोग और पठानों की तरफ़ से 180 से 200 के बीच लोग मारे गए। उनके कम से कम 600 लोग घायल भी हुए।
 
 
सारागढ़ी से भागने को मजबूर हुए अफगानी
 
 
14 सितंबर को कोहाट से 9 माउंटेन बैटरी वहाँ अंग्रेज़ों की मदद के लिए पहुंच गई। पठान अभी भी सारागढ़ी के क़िले में मौजूद थे। उन्होंने उन पर तोप से गोले बरसाने शुरू कर दिए। इस पर अंग्रेज़ सैनिकों ने ज़बरदस्त हमला किया और सारागढ़ी को अफगानी के चंगुल से छुड़ा लिया। जब ये सैनिक अंदर घुसे तो वहाँ उन्हें नायक लाल सिंह की बुरी तरह से क्षत-विक्षत लाश मिली। वहाँ बाकी सिक्ख सैनिकों और दाद के शव भी पड़े हुए थे। इस पूरी लड़ाई को पास के लॉकहार्ट और गुलिस्ताँ क़िलों से अंग्रेज़ अफसरों ने देखा था, लेकिन पठान इतनी अधिक संख्या में थे कि वह बहुत चाह कर भी उनकी मदद के लिए नहीं आ सके। लेफ़्टिनेंट कर्नल जॉन हॉटन पहले शख़्स थे, जिन्होंने उन बहादुरों की वीरता को पहचाना। उन्होंने सारागढ़ी पोस्ट के सामने मारे गए अपने साथियों को सैल्यूट किया।
 
 
ब्रिटिश संसद द्वारा सभी बहादुर जवानों को मिला सम्मान
 
 
इस लड़ाई को दुनिया के सबसे बड़े 'लास्ट स्टैंड्स' में जगह दी गई। जब इन सिक्खों के बलिदान की ख़बर लंदन पहुंची तो उस समय ब्रिटिश संसद का सत्र चल रहा था। सभी सदस्यों ने खड़े होकर इन 21 सैनिकों को 'स्टैंडिंग ओवेशन' दिया। 'लंदन गज़ेट' के 11 फ़रवरी, 1898 के अंक 26937 के पृष्ठ 863 पर ब्रिटिश संसद की टिप्पणी छपी- "सारे ब्रिटेन और भारत को 36 सिक्ख रेजिमेंट के इन सैनिकों पर गर्व है। यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं है कि जिस सेना में सिक्ख सिपाही लड़ रहे हों, उन्हें कोई नहीं हरा सकता।"
 
 
सर्वोच्च वीरता पुरस्कार से किया गया सम्मानित
 
 
जब महारानी विक्टोरिया को इसकी ख़बर मिली तो उन्होंने सभी 21 सैनिकों को 'इंडियन ऑर्डर ऑफ़ मैरिट' देने का ऐलान किया। ये उस समय तक भारतियों को मिलने वाला सबसे बड़ा वीरता पदक था, जो तब के विक्टोरिया क्रॉस और आज के परमवीर चक्र के बराबर था। तब तक विक्टोरिया क्रास सिर्फ़ अंग्रेज़ सैनिकों को ही मिल सकता था और वह भी सिर्फ़ जीवित सैनिकों को। 1911 में जाकर जॉर्ज पंचम ने पहली बार घोषणा की कि भारतीय सैनिक भी विक्टोरिया क्रॉस जीतने के हक़दार होंगे।
 
 
सैनिकों के आश्रितों को मिला 50 एकड़ जमीन
 
 
इन सैनिकों के आश्रितों को 500-500 रुपये और 2 मुरब्बा ज़मीन जो कि आज 50 एकड़ के बराबर है, सरकार की तरफ़ से दी गई। सिर्फ़ एक असैनिक दाद को कुछ नहीं दिया गया, क्योंकि वह 'एनसीई' (नॉन कॉम्बाटेंट इनरोल्ड) था और उसे हथियार उठाने की इजाज़त नहीं थी। ब्रिटिश सरकार की ये बहुत बड़ी नाइंसाफ़ी थी, क्योंकि असैनिक होते हुए भी दाद ने अपनी राइफ़ल या संगीन से कम से कम पाँच पठानों को मारा था। लड़ाई के बाद मेजर जनरल यीटमैन बिग्स ने कहा- "21 सिक्ख सैनिकों की बहादुरी और शहादत को ब्रिटिश सैनिक इतिहास में हमेशा स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा।"
 
 
12 सितंबर को हर साल मनाया जाता है सारागढ़ी दिवस
 
 
 
'सारागढ़ी दिवस' एक सिक्ख सैन्य स्मरण दिवस है, जो हर साल 12 सितंबर को 'सारागढ़ी की लड़ाई' की याद में मनाया जाता है। ब्रिटिश सिक्ख सैन्यकर्मी और नागरिक 12 सितंबर को हर साल दुनिया भर में लड़ाई की याद करते हैं। ब्रिटिश सिक्ख रेजिमेंट की सभी टुकड़ियां हर साल सारागढ़ी दिवस को रेजिमेंटल बैटल ऑनर्स डे के रूप में मनाती हैं। ब्रिटेन और दुनिया में आज भी भारतियों खासकर सिक्खों द्वारा सारागढ़ी दिवस बड़े गर्व से मनाया जाता है।