जम्मू-कश्मीर में 5वीं बार गठबंधन सरकार : NC-कांग्रेस गठबंधन को बहुमत, BJP का बढा वोट प्रतिशत

    09-अक्तूबर-2024
Total Views |

Jammu Kashmir Assembly Election Result 2024
 
जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 की समाप्ति के बाद पहली बार हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे सामने आ चुके हैं। 10 साल बाद हुए इन चुनावों में सभी 90 सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। नतीजों में नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) और कांग्रेस गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिला है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 29 सीटों पर जीत दर्ज की है।
 
NC को बहुमत के लिए 4 सीटें कम, यानी कुल 42 सीटें मिली हैं। वहीं, कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, जिसने 33 सीटों पर चुनाव लड़ते हुए केवल 6 सीटें जीती हैं। इन नतीजों से साफ हो गया है कि जम्मू-कश्मीर की जनता ने कांग्रेस को लगभग नकार दिया है। इस चुनाव के परिणामों से 1987 के बाद 5वीं बार गठबंधन सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है।
 
 
 
चुनाव की खास बातें
 
 
इस बार चुनाव की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि यह पूरी तरह से निष्पक्ष और बिना किसी हड़ताल, प्रदर्शन या खूनखराबे के संपन्न हुआ। NC ने 42 सीटों के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया, जबकि 2014 में 28 सीटें जीतने वाली पीडीपी (PDP) केवल 3 सीटों पर सिमट गई। इसका मतलब यह है कि कांग्रेस के साथ-साथ PDP का भी राजनीतिक वर्चस्व जम्मू-कश्मीर में लगभग समाप्त होता दिख रहा है।
 
BJP ने प्रदेश में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरते हुए NC, कांग्रेस और PDP के मुकाबले ज्यादा वोट प्रतिशत हासिल किया है। 90 सीटों के परिणामों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने 7 सीटें जीतीं। कम्युनिस्ट पार्टी ने भी कुलगाम में अपनी पकड़ बनाए रखी।
 
पार्टियों का मत प्रतिशत और प्रदर्शन
 
 
2014 के मुकाबले 2024 के चुनावों में कांग्रेस का वोट प्रतिशत गिरकर 11.97% रह गया, जबकि पहले यह 18.01% था। वहीं, भाजपा का वोट प्रतिशत 25.63% तक बढ़ गया, जो 2014 में 22.98% था। NC को 23.44% वोट मिले, जिससे उसे 42 सीटों पर जीत हासिल हुई। दूसरी ओर, पीडीपी का वोट प्रतिशत 22.67% से गिरकर 8.87% रह गया।
 
2014 और 2024 के विधानसभा चुनावों का तुलनात्मक विश्लेषण:
 
 
 
पार्टी
  2014 का मत प्रतिशत  2024 का मत प्रतिशत  2014 में जीतीं सीटें 2024 में जीतीं सीटें  
 NC | 20.77% |   23.43% |  15  42
 Congress  | 18.01% |   11.97% |  12  6
 PDP  | 22.67% |  8.87% | 28 3
 BJP  | 22.98% |   25.64% |   25  29
 
 
 
प्रमुख हॉट सीट्स और परिणाम
 
 
1. शगुन परिहार (BJP) - किश्तवाड़: नेकां प्रत्याशी सज्जाद अहमद किचलू को 521 वोटों से हराया।
 
 
2. सुरजीत सिंह सलाथिया (BJP) - सांबा: नेकां प्रत्याशी से 30,309 वोटों के अंतर से जीत।
 
 
3. शाम लाल शर्मा (BJP) - जम्मू उत्तर: नेकां प्रत्याशी को 27,363 वोटों से हराया।
 
 
4. सुरिंदर कुमार (BJP) - मारह: कांग्रेस प्रत्याशी को 23,086 वोटों से हराया।
 
 
5. देवेंद्र सिंह राणा (BJP) - नगरोटा: नेकां प्रत्याशी से 30,472 वोटों के अंतर से जीत।
 
 
6. रफीक अहमद नाइक (PDP) - त्राल: कांग्रेस प्रत्याशी को 460 वोटों से हराया।
 
 
7. सज्जाद गनी लोन (पीपुल्स कांफ्रेंस) - हंदवाड़ा: नेकां प्रत्याशी चौधरी मोहम्मद रमजान को 662 वोटों से हराया।
 
 
8. पीरजादा फिरोज अहमद (नेकां) - देवसर: पीडीपी प्रत्याशी को 840 वोटों से हराया।
 
 
9. उमर अब्दुल्ला (NC)- बडगाम और गांदरबल: दोनों सीटों से जीत।
 
 
10. इल्तिजा महबूबा मुफ़्ती - बिजबेहरा: इल्तिजा को NC उम्मीदवार बशीर अहमद शाह से 9770 वोटों से हार का सामना करना पड़ा है।।
 
 
11. रविंद्र रैना (BJP) - नौशेरा: सीट से 8751 वोटों से हारे।
 
 
J&K की सभी 7 अनुसूचित जाति (SC) आरक्षित सीटों का हाल 
 
 
1. अखनूर (SC) - मोहन लाल
 
 
2. बिश्नाह (SC) - राजीव कुमार
 
  
3. कठुआ (SC) - भारत भूषण
 
 
4. मरह (SC) - सुरिंदर कुमार
 
 
5. रामगढ़ (SC) - देविंदर मन्याल
 
 
6. रामनगर (SC) - सुनील भारद्वाज
 
 
7. सुचेतगढ़ (SC) - घरू राम
 
इस तरह, जम्मू-कश्मीर में 5वीं बार गठबंधन सरकार बनने जा रही है, जिसमें NC महत्वपूर्ण भूमिका होगी, जबकि BJP ने अपना वोट प्रतिशत बढ़ाते हुए प्रदेश की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है।